राज्य सरकार के निर्देश पर जिले की 20 पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर, ग्रामीणों को मिला लाभ
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला में कुल 20 ग्राम पंचायतों में “सहयोग शिविर” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की गई। साथ ही पूर्व से लंबित अनेक मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। इस पहल से आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड एवं जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी तथा उन्हें पंचायत स्तर पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
सहयोग शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, कृषि, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार जिला उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी जयप्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी सहित जिले के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शिविरों के प्रभावी एवं सुचारु संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक सहयोग शिविर के लिए वरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सहयोगी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को शिविर के सफल संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सहयोग शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिकों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।