राज्य स्तरीय मूल्यांकन में जिले के तीन स्वास्थ्य संस्थानों का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन के लिए चयन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधा एवं स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं के मानकों में निरंतर सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा जारी राज्य स्तरीय मूल्यांकन रिपोर्ट में औरंगाबाद जिले के तीन स्वास्थ्य संस्थानों यथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारुण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देव एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ओबरा को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन के लिए चयनित किया गया है।
राज्य स्तरीय मूल्यांकन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारुण ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ओबरा को 80 प्रतिशत तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देव को 75 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। संबंधित संस्थानों का मूल्यांकन राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के लिए निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप किया गया।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा एवं जांच सेवाएं, मरीजों की सुरक्षा, उपलब्ध संसाधन तथा स्वास्थ्य संस्थान के समग्र प्रबंधन सहित विभिन्न निर्धारित मानकों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाता है।
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को अग्रत्तर राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन (नेशनल लेवल असेसमेंट) के लिए सक्षम पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मूल्यांकन पूर्ण होने के उपरांत संबंधित संस्थानों को अंतिम राष्ट्रीय स्तर का गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन प्राप्त होगा।
इस संबंध में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य मो. अनवर आलम ने बताया कि जिले के तीन स्वास्थ्य संस्थानों का राज्य स्तरीय मूल्यांकन में निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी गुणवत्ता सुधार संबंधी गतिविधियों को गति दी जा रही है तथा उन्हें राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी गई है। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया को निरंतर जारी रखते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन में भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।