नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। पूर्वजों की मुक्ति और मोक्ष की कामना का सबसे बड़ा अनुष्ठान विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला आज से अपने रेौप में शुरू हो रहा है। पित्रों के प्रति अटूट श्रद्धा का यह महाकुंभ करीब 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें देश ही नहीं बल्कि सात समंदर पार से भी लाखों श्रद्धालुओं के गयाजी की पावन भूमि पर जुटने की पूरी संभावना है।
शुक्रवार को दोपहर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गयाजी पहुंचकर इस धार्मिक महासंगम का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री, कई मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुपद मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद देवघाट व गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित करेंगे।
देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों और तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। गांधी मैदान में हज़ारों श्रद्धालुओं की क्षमता वाली टेंट सिटी बसाई गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े पहरे के तहत भारी पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
फल्गु नदी के तटों, वेदियों और प्रमुख मार्गों पर पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा शिविर और सुगम यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फल्गु नदी के तट, विष्णुपद मंदिर और विभिन्न वेदियों पर अगले 15 दिनों तक गूंजते मंत्रोच्चार के बीच तर्पण और पिंडदान का यह दौर आदर व मोक्ष की अनूठी अनुभूति कराएगा।