सुरक्षित महिला, सुरक्षित बच्चा और सुरक्षित समाज का लिया संकल्प
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर मंगलवार को मोकामा, हाथीदह, मरांची और पचमहला थाना पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीण एसपी के निर्देश पर सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को “सुरक्षित महिला, सुरक्षित बच्चा और सुरक्षित समाज” का संदेश दिया।
अभियान के तहत चारों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न इलाकों में मार्च करते हुए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। फ्लैग मार्च के बाद पुलिस टीम आर्य कन्या विद्यालय पहुंची, जहां छात्राओं एवं शिक्षकों को महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न, हिंसा अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें। ऐसी स्थिति में तत्काल परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने महिलाओं से भी अपील की कि वे किसी भी तरह की परेशानी को नजरअंदाज न करें और समय रहते पुलिस की सहायता लें।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों को कानून और उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर पुलिस स्तर से त्वरित कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
अभियान में पचमहला थानाध्यक्ष विनोद कुमार, एसआई प्रियंका सुमन, सुनील कुमार, आशुतोष कुमार समेत चारों थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहे।