नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। शहर के व्यस्त इलाके बिष्टुपुर स्थित एलआईसी (LIC) बिल्डिंग में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल और कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गनीमत यह रही कि पास के बैंक कर्मियों की सतर्कता और त्वरित सूचना से समय रहते अंदर फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।
रात करीब डेढ़ बजे उठीं आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की चार-पाँच गाड़ियां और टाटा स्टील की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 4:00 बजे तक आग पर काबू पाया और इसे अन्य मंजिलों तक फैलने से रोक लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, इस भीषण आग में चौथी मंजिल पर रखा भारी मात्रा में फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज, एसी और कंप्यूटर जलकर खाक हो गए हैं। एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और आग से हुए कुल नुकसान का सटीक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।