“20 साल की यादें हमेशा दिल में रहेंगी” – विनय कुमार
बेताब अहमद
सासाराम। गांधी स्मारक उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय पचपोखरी में कल का दिन बेहद भावुक कर देने वाला रहा। स्कूल के खेल मैदान से लेकर कक्षाओं तक को अपनी ऊर्जा से सींचने वाले शारीरिक शिक्षक विनय कुमार और शिक्षिका शिप्रा कुमारी के स्थानांतरण पर एक भव्य और भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। दो कर्मठ शिक्षकों की विदाई की इस घड़ी में स्कूल परिवार और बच्चों की आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ हुआ। विदाई की इस बेला पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हिंमाशू शेखर ने दोनों शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा, “विनय कुमार जी ने अपने 20 वर्षों के लंबे कार्यकाल में केवल बच्चों को खेल या पढ़ाई नहीं सिखाई, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में अपनी पूरी आत्मा उड़ेल दी। उनकी निष्ठा और अनुशासित व्यवहार विद्यालय परिवार के लिए हमेशा एक मिसाल रहेगा।”
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की ओर से विनय कुमार और शिप्रा कुमारी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जब विदाई के मंच पर विदा हो रहे शिक्षक विनय कुमार बोलने खड़े हुए, तो उनका गला भर आया। उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में कहा, “लगभग दो दशकों तक इस विद्यालय को अपनी सेवाएं देने के बाद आज मेरा दिल भारी है। यहाँ के बच्चों का प्यार और साथियों का सहयोग मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा। इस स्कूल की यादें हमेशा मेरे दिल में महकती रहेंगी।”

शिक्षकों के विदा होने के गम में छात्रों का भी दिल भर आया। स्कूल के छात्र-छात्राओं काजल, सलोनी, चंचल, रागिनी, कुमकुम, रोशन, मनीष और विक्की ने अपने संबोधन में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता जाहिर की। बच्चों ने कहा कि सर और मैडम का स्नेह, मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणादायक बातें वे जीवन भर अपने दिलों में संजोकर रखेंगे। इन सभी की रही गरिमामयी उपस्थिति इस विदाई बेला के साक्षी स्कूल के तमाम शिक्षक और कर्मचारी बने।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतोष प्रसाद, दिलीप कुमार, वेद प्रकाश, मनीष कुमार, शेर बहादुर सिंह, आशा कुमारी, संजना कुमारी, प्रियंका कुमारी, रेखा कुमारी सहित सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी और सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने विदा हो रहे शिक्षकों के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।