साइकिल सवार को बचाने के दौरान हादसा, जितिया पर्व पर गांव में पसरा मातम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरुआ थाना क्षेत्र के पाकरड तर पुलिया के पास शनिवार को साइकिल सवार को बचाने के दौरान एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ऑटो सवार 25 वर्षीय युवक संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़की धमौल गांव निवासी मुन्ना कुमार के पुत्र के रूप में हुई है। हादसे में ऑटो सवार अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो में पांच लोग सवार थे और सभी बड़की धमौल गांव जा रहे थे। गांव के मंदिर में दुर्गा पूजा के अवसर पर विदेशिया नाच का कार्यक्रम आयोजित होना है। इसी कार्यक्रम के लिए सभी लोग ऑटो से जा रहे थे। पाकरड तर पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने के दौरान ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा पलटा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही धनरुआ थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पानी में फंसे युवक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जांच की जा रही है।
इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जितिया पर्व के बीच हुई इस घटना से बड़की धमौल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।