सीपी सिंह बोले- कार्यकर्ताओं के समर्पण और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से भाजपा बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी, गली-मोहल्लों तक जनहित के मुद्दे उठाने का निर्णय
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। रांची में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन रविवार को संगठन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कई राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और राज्य के मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और प्रयास के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन के कारण आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि इस बैठक से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है, जिससे संगठन को मजबूत बनाने में मदद मिलती है।
वहीं, विधायक नीरा यादव ने प्रेस को संबोधित करते हुए राज्य में जनसांख्यिकीय बदलाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव को लेकर भाजपा नीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास न स्पष्ट नीति है, न विजन और न ही नियोजन एवं स्थानीय नीति को लेकर ठोस दिशा है। ऐसे में युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
नीरा यादव ने कहा कि बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक प्रस्ताव लिए गए हैं। पार्टी ने निर्णय लिया है कि कार्यकर्ता गली-मोहल्लों तक जाकर इन मुद्दों को जनता के बीच उठाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ पहले भी थी और आगे भी जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, वरिष्ठ नेता सीपी सिंह, विधायक नीरा यादव सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।