छात्राओं ने पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति से साकार किया छठ घाट का दृश्य, महाप्रसाद का हुआ वितरण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अरियरी (शेखपुरा)। जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत परियोजना बालिका इंटर विद्यालय कसार में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संजय कुमार की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने छठ महापर्व की पारंपरिक झांकी और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक कुमुद रंजन, राजीव कुमार, मौसम कुमार, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, प्राची भारती, संजय कुमार नीरज, राणा कुमार गौतम एवं अंकिता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान छात्राओं ने छठ महापर्व से जुड़ी धार्मिक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक महत्व को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। ‘मारबो रे सुगवा धनुष से’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। छात्राओं की पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक प्रस्तुति से विद्यालय परिसर में छठ घाट का दृश्य जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकगीतों और छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराना था। इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर खीर के रूप में महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।