नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। डेहरी नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर-लालगंज मोहल्ले में मारपीट की घटना के बाद एक 52 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, घटना की मुख्य वजह दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है। विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई, जिसमें महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना में दो युवक भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।
मृतका की पहचान परमीला देवी (52 वर्ष), पति स्व. मनेजर दास चंद्रवंशी, निवासी लालगंज चुना भट्ठा, डेहरी नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना में घायल युवकों की पहचान मुकेश कुमार (करीब 19 वर्ष) और मिथलेश कुमार (करीब 22 वर्ष), दोनों पिता स्व. मैनेजर दास चंद्रवंशी, के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।