नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। चंदौती थाना क्षेत्र में सड़क किनारे ताश खेलकर हुड़दंग मचाने और राहगीरों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हबीपुर गांव जाने वाली सड़क पर पीपल के पेड़ के नीचे रविवार को 10-12 युवक ताश खेल रहे थे। इस दौरान उनके शोर-शराबे से सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
इसकी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही युवकों में भगदड़ मच गई और सभी मौके से भाग निकले। हालांकि, जल्दबाजी में वे अपनी नौ मोटरसाइकिलें वहीं छोड़ गए। पुलिस ने सभी नौ बाइक जब्त कर थाने पहुंचा दी हैं। जब्त वाहनों के कागजात और मालिकों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी थानाध्यक्ष ने रविवार दोपहर 12 बजे दी।