नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा नशा मुक्त बिहार अभियान के अंतर्गत जागरूकता एलईडी वाहन को समाहरणालय परिसर, औरंगाबाद से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उल्लेखनीय है कि नशा मुक्त बिहार अभियान दिनांक 17 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जागरूकता एलईडी वाहन औरंगाबाद जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाएगा।
इस दौरान एलईडी वाहन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही, जीविका दीदियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें अभियान से जोड़ते हुए समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए नशे के विरुद्ध व्यापक सामाजिक चेतना विकसित करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
उक्त अवसर पर मद्यनिषेध अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।