नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मधुबनी। बिहार के मधुबनी में चार ग्रामीणों पर गोली चलाने और एक की जान लेने के आरोपी एएसआई चन्द्रमोहन सिंह का शव बंद बोरी में मिला। शव का चेहरा और सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत था तथा उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। शव के पास मिले थैले से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कपड़े और कारतूस बरामद हुए हैं। मौके से उनकी सर्विस पिस्टल मिलने की भी बात सामने आई है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक बलिराजगढ़ के दक्षिणी हिस्से में गुरुवार देर शाम शव मिलने से सनसनी फैल गई। चंद्रमोहन की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही थीं। उसपर भारी इनाम रखा गया था। चंद्रमोहन पर एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने पर भीड़ पर दनादन फायरिंग करने का आरोप था।
डीआईजी मनोज तिवारी ने बताया कि शव एएसआई चन्द्रमोहन सिंह का ही है। पुलिस के वरीय अधिकारी व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। एएसआई बक्सर के डुमरांव के रहनेवाले थे। ग्रामीणों ने बताया कि गढ़ के अंदर दक्षिणी हिस्से में बोरी से तेज दुर्गंध आने पर मौके पर भीड़ जुट गई। एसएसपी योगेंद्र कुमार सहित पुलिस के वरीय अधिकारी दलबल के साथ देर शाम मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। प्रारंभिक स्थिति के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि एएसआई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को बोरी में बंद कर फेंक दिया गया ।
लिराजगढ़ में नौ दिनों से फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह की घटना के बाद गुरुवार को एक बार फिर सनसनी फैल गई। गढ़ के दक्षिणी हिस्से में बंद बोरी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। शव से दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। गौरतलब है कि बीते दो नवंबर की रात बलिराजगढ़ में ग्रामीणों से घिरने के बाद पिकेट में तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर दी थी। इस घटना में अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद से एएसआई फरार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं।
इधर, गुरुवार को गढ़ परिसर में बोरी में बंद अज्ञात शव मिलने के बाद एक बार फिर अफवाहों और तरह-तरह की आशंकाओं का दौर शुरू हो गया। शव की पहचान को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोग मामले में डीएनए जांच की जरूरत और उसकी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, शव की वास्तविक पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। घटना के बाद कई घंटों तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल और असमंजस की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि एएसआई चन्द्रमोहन सिंह दो नवंबर की रात हुए चर्चित गोलीकांड के आरोपी थे। दो नवंबर 2026 की रात उन्होंने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में गोली लगने से स्थानीय ग्रामीण अशोक कुमार यादव की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि फूलो देवी, विजेन्द्र यादव और धनिक लाल यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। घटना के बाद से ही यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अग्रिम फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी सहित पुलिस के वरीय अधिकारी इस पूरे मामले के पीछे छिपे कारणों और संलिप्त लोगों की तलाश में गहन जांच कर रहे हैं।
शव मिलने की सूचना पर सबसे पहले पहुंची डायल-112 टीम के पुलिस अधिकारी राम मनोहर सिंह ने बताया कि शव का सिर और चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है। उससे तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे प्रारंभिक तौर पर पहचान करने में काफी मुश्किलें हो रही थीं। हालांकि, शव के ठीक पास एक थैला बरामद किया गया। उसमें एएसआई चन्द्रमोहन सिंह का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कपड़े, कारतूस और अन्य दस्तावेज मिले हैं।