एडवोकेट रंजन कुमार की पहल से विदेशी पर्यटकों को गांवों की संस्कृति से जोड़ने का प्रयास, अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण पर्यटन के मानचित्र पर उभर रहा पिरौटा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराएं अब सात समंदर पार के लोगों को भी आकर्षित कर रही हैं। इसका जीवंत उदाहरण नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित पिरौटा गांव में देखने को मिला, जहां जापान से आईं शिक्षिका काना मियामुरा ने छठ महापर्व की परंपराओं को करीब से जाना। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को समझने के लिए उनका गांव पहुंचना स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
जापान निवासी काना मियामुरा विशेष रूप से बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ की परंपराओं और धार्मिक विशेषताओं को समझने पिरौटा पहुंची हैं। उन्होंने नहाय-खाय की पारंपरिक विधियों, पूजा की तैयारियों और ग्रामीण परिवेश में छठ के प्रति लोगों की अटूट आस्था को करीब से देखा। सूर्य देव की उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और शुद्धता एवं अनुशासन के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व उनके लिए भारतीय संस्कृति को समझने का अनूठा अनुभव बना।
पिरौटा गांव स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। सूर्य उपासना की प्राचीन परंपरा से जुड़े इस मंदिर में छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की विशेष आस्था देखने को मिलती है। गांव की धार्मिक विरासत, पारंपरिक रीति-रिवाज और ग्रामीण जीवनशैली विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
इस पहल के पीछे पिरौटा निवासी एडवोकेट रंजन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे भारत और जापान के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर पहचान दिलाने के प्रयास में जुटे हैं। उनका उद्देश्य विदेशी पर्यटकों को बिहार के गांवों की वास्तविक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन से रूबरू कराना है।
गौरतलब है कि इस वर्ष होली के अवसर पर भी रंजन कुमार ने जापान से आए पर्यटकों को पिरौटा गांव पहुंचाया था, जहां विदेशी मेहमानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ होली मनाकर भारतीय त्योहारों की खुशियों को करीब से महसूस किया था। अब छठ महापर्व के माध्यम से विदेशी पर्यटकों को बिहार की धार्मिक परंपराओं और लोक आस्था से जोड़ने की यह पहल आगे बढ़ रही है।
एडवोकेट रंजन कुमार का मानना है कि पर्यटन का मतलब केवल ऐतिहासिक स्मारकों और बड़े शहरों का भ्रमण करना नहीं है, बल्कि किसी देश की असली पहचान उसके गांवों, त्योहारों, खानपान, पारिवारिक परंपराओं और स्थानीय लोगों के रहन-सहन में भी छिपी होती है। यदि इन सांस्कृतिक विशेषताओं को व्यवस्थित तरीके से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जाए तो बिहार ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है।
उनका प्रयास है कि जापान सहित अन्य देशों के पर्यटक बिहार के गांवों में आकर यहां की परंपराओं को केवल देखें ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के साथ समय बिताकर उन्हें समझें और अनुभव भी करें। इससे भारत और अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे। साथ ही ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
जापानी शिक्षिका काना मियामुरा का पिरौटा पहुंचना बिहार की लोक संस्कृति की वैश्विक आकर्षण क्षमता को दर्शाता है। छठ महापर्व के बहाने पिरौटा गांव भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक मैत्री की एक नई इबारत लिखता नजर आ रहा है।