उलार धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 200 पुलिस जवान और 100 महिला पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात, ड्रोन व सीसीटीवी से होगी निगरानी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। महापर्व को लेकर पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस बार अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों में कुल 56 छठ घाट तैयार किए गए हैं। इन घाटों पर व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने विशेष तैयारियां की हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रतियों ने नहाय-खाय की परंपरा निभाई। श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक सरोवरों और नदियों में स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पूरी पवित्रता और शुद्धता के साथ सेंधा नमक, घी में बने अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी, आंवले की चटनी और मूली का प्रसाद ग्रहण किया। छठ ऐसा लोकपर्व है, जिसमें व्रत चाहे परिवार के महिला सदस्य करें या पुरुष, इसकी तैयारियों और अनुष्ठानों में पूरा परिवार शामिल रहता है।
अनुमंडल क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों में दुल्हिनबाजार प्रखंड के उलार गांव स्थित ऐतिहासिक ओलार्क (उलार) सूर्य मंदिर का विशेष महत्व है। पालीगंज अनुमंडल मुख्यालय से सटे दुल्हिनबाजार से करीब चार किलोमीटर दक्षिण स्थित यह मंदिर देश के प्रसिद्ध 12 अर्क स्थलों में शामिल माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने पर श्रद्धालुओं को निरोगी काया और संतान सुख की प्राप्ति होती है। संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होने पर यहां नेटुआ और जट-जटिन नृत्य कराने की पुरानी परंपरा भी प्रचलित है।
मंदिर से करीब 100 फीट की दूरी पर तीन एकड़ में फैला विशाल तालाब है। छठ के अवसर पर यहां लाखों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।
छठ महापर्व को लेकर ऐतिहासिक उलार धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तालाब की सफाई और चारों ओर बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और आवासन की व्यवस्था की गई है। मेला परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात रहेगी। तालाब के समीप कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से लगातार निगरानी की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए करीब दो किलोमीटर पहले पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत तालाब के चारों कोनों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 200 पुलिस जवान और 100 महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मेला परिसर में गश्त करेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
इधर, पालीगंज नगर पंचायत को छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्था के लिए तीन लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। नगर बाजार स्थित मिल्की नहर छठ घाट पर भी साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। इस घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। नगर पंचायत की ओर से घाट की सफाई के साथ महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है।
कुल मिलाकर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, नगर पंचायत और मंदिर प्रबंधन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।