छापेमारी में एक देसी कट्टा और एक देसी पिस्तौल बरामद, हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपित भी पुलिस की गिरफ्त में
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। नेमदारगंज थाना क्षेत्र में मिठाई व्यवसायी उत्तम उर्फ विकास कुमार को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा और एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से गोलीकांड में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटकी अंबा गांव निवासी अंकित कुमार उर्फ फ्लैट सिंह, धनवारा गांव निवासी अंकित चंद्र उर्फ आरके तथा नेमदारगंज निवासी नितीश कुमार उर्फ मुतना के रूप में हुई है।
इस संबंध में नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सात नवंबर की रात पुलिस टीम गोलीकांड के अनुसंधान और अप्राथमिकी अभियुक्त अंकित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छोटकी अंबा गांव पहुंची थी। पुलिस को देखते ही अंकित घर से निकलकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पूछताछ के दौरान अंकित ने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई, जहां से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
इसके बाद अंकित ने पुलिस को बताया कि एक देसी पिस्तौल धनवारा निवासी अंकित चंद्र उर्फ आरके के पास है। पुलिस टीम ने तत्काल वहां छापेमारी कर उसके घर से मैगजीन लगा एक देसी पिस्तौल बरामद किया। पिस्तौल पर ‘AUTO PISTOL MADE IN U.S.A.’ तथा बैरल पर ‘0.85 MM’ अंकित था।
पुलिस पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने के मामले में नेमदारगंज निवासी नितीश कुमार उर्फ मुतना का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद दोनों हथियारों को विधिवत जब्त किया गया है। मामले में नेमदारगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।