दो महीने से कर रही थीं छठ की तैयारी, सात्विक भोजन अपनाकर सीखी भोजपुरी गीतों की परंपरा, भारत-जापान की सांस्कृतिक दोस्ती की बनी मिसाल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। बिहार की लोकआस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ अब सात समंदर पार भी अपनी सांस्कृतिक पहचान बना रहा है। इसका अनूठा उदाहरण नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के ऐतिहासिक पिरौटा गांव में देखने को मिल रहा है। यहां जापान की शिक्षिका काना मियामुरा पूरे श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व मना रही हैं। भोजपुरी में छठ गीत गाकर उन्होंने गांव की महिलाओं और ग्रामीणों का दिल जीत लिया है।
शनिवार को खरना के अवसर पर काना मियामुरा ने पूरे दिन उपवास रखा। शाम को पारंपरिक विधि-विधान से खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद खरना का प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के अगले चरण की शुरुआत की। उनकी इस आस्था और समर्पण को देखकर ग्रामीण भी काफी प्रभावित हैं।
काना मियामुरा छठ व्रत की तैयारी पिछले दो महीने से कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने सात्विक भोजन अपनाया और लहसुन-प्याज का सेवन पूरी तरह छोड़ दिया। छठ की परंपराओं को करीब से समझने के लिए उन्होंने इंटरनेट पर वीडियो देखकर पारंपरिक छठ गीतों का अभ्यास भी किया। अब वह भोजपुरी में ‘पहिले-पहिले हम कइली छठी मैया व्रत तोहार’ जैसे लोकप्रिय गीत गाकर गांव की महिलाओं के साथ सुर मिला रही हैं। उनकी भोजपुरी सुनकर ग्रामीण काफी उत्साहित हैं।
जानकारी के अनुसार, काना पिछले वर्ष भारत भ्रमण पर आई थीं। इस दौरान दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर और नवग्रह मंदिर में सूर्य उपासना की परंपरा से प्रभावित हुईं। इसके बाद उन्होंने बिहार के प्रसिद्ध छठ महापर्व के बारे में जानने और स्वयं व्रत करने का निर्णय लिया। अकबरपुर के पिरौटा गांव निवासी अधिवक्ता रंजन कुमार ने उन्हें बिहार के इस लोकपर्व की महत्ता और परंपराओं से परिचित कराया। फिलहाल वह रंजन कुमार की मां सोना देवी के साथ छठ पूजा कर रही हैं।
अधिवक्ता रंजन कुमार भारत-जापान के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और बिहार के ग्रामीण पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि विदेशी पर्यटकों की गांवों में भागीदारी से स्थानीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सकती है।
जापानी शिक्षिका काना मियामुरा की छठ महापर्व में सहभागिता इसी सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खूबसूरत मिसाल बन गई है। उनकी आस्था, भोजपुरी गीतों के प्रति लगाव और छठ की परंपराओं को अपनाने की पहल ने यह संदेश दिया है कि लोकसंस्कृति और आस्था की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती।