चारों दिशाओं में घाटों का हुआ नामकरण, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मसौढ़ी के सुप्रसिद्ध श्री विष्णु सूर्य मंदिर मणिचक छठ धाम का तालाब घाट पूरी तरह सज-धजकर तैयार हो गया है। इस बार घाट की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं दीवारों पर बनाई गई आकर्षक मधुबनी पेंटिंग। रंग-बिरंगी कलाकृतियां श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। घाट पर पहुंचते ही लोगों की नजर सबसे पहले इन पेंटिंग पर पड़ रही है।
तालाब घाट के चारों ओर की दीवारों पर भगवान भास्कर, सूर्य रथ, छठी मैया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते श्रद्धालुओं के सुंदर चित्र उकेरे गए हैं। इसके अलावा छठ पर्व से जुड़ी कई अन्य पारंपरिक कलाकृतियां भी बनाई गई हैं। मधुबनी शैली में बनी इन पेंटिंग से पूरे घाट परिसर की सुंदरता बढ़ गई है। लोग इन कलाकृतियों को देखने के लिए रुक रहे हैं और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं।
श्री विष्णु सूर्य मंदिर प्रबंध कार्यकारिणी की ओर से तालाब घाट के चारों दिशाओं के अनुसार नामकरण भी किया गया है। इसके तहत पूर्व दिशा में सूर्य घाट, पश्चिम में आदित्य घाट, उत्तर में महादेव घाट और दक्षिण में विष्णु घाट का नाम रखा गया है। इससे घाट की व्यवस्था और पहचान को एक अलग स्वरूप मिला है।
मंदिर प्रबंध कार्यकारिणी के सचिव नवल भारती ने बताया कि मसौढ़ी का मणिचक सूर्य मंदिर और यहां का घाट वर्षों से पौराणिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रत्येक वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर छठ महापर्व करते हैं और भगवान सूर्य से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और घाट की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए विशेष सजावट की गई है।
छठ पर्व के दौरान मणिचक सूर्य मंदिर घाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाट के चारों कोणों सहित कुल 10 से 12 स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा निगरानी के लिए वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीम भी तैनात रहेगी। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।