मॉडर्न तालाब छठ घाट पर की पूजा-अर्चना, बोकारो और झारखंड की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार की सुबह उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सपरिवार छठी मइया की आराधना की। दोनों अधिकारी अपनी-अपनी धर्मपत्नी के साथ सेक्टर-1सी स्थित मॉडर्न तालाब छठ घाट पहुंचे और पूरे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर को नमन किया।

उपायुक्त अजय नाथ झा के साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ. प्रतिमा झा तथा पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के साथ उनकी धर्मपत्नी सुलेखा मौजूद रहीं। पूजा के दौरान दोनों अधिकारियों ने छठी मइया से बोकारो जिले सहित पूरे झारखंड की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना मजबूत होने की प्रार्थना की। छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता, तपस्या और अनुशासन का प्रतीक है। सूर्योपासना के इस पर्व में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश निहित है।