नौ दिवसीय श्री दुर्गा पाठ के समापन पर आयोजित हुआ धार्मिक अनुष्ठान, रामधुनी से भक्तिमय रहा गांव का माहौल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर प्रखंड के पांती गांव स्थित श्री देवी स्थान मंदिर परिसर में कार्तिक मास के शुभ अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय श्री जगतजननी जगदंबा दुर्गा पाठ के उपरांत 24 घंटे का अखंड कीर्तन (रामधुनी) मंगलवार को हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। रामधुनी की गूंज से मंदिर परिसर सहित आसपास का वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिरस से सराबोर रहा।
आचार्य प्रवीण कुमार पांडेय (बलिया बुजुर्ग) के वैदिक मार्गदर्शन एवं मंत्रोच्चार के बीच पूरे धार्मिक अनुष्ठान को विधि-विधान से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 9 नवंबर को कलश यात्रा, कलश स्थापना एवं देव पूजन के साथ हुई थी। इसके बाद लगातार नौ दिनों तक दुर्गा पाठ किया गया। सोमवार की सुबह नौ बजे से 24 घंटे के अखंड कीर्तन की शुरुआत हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंगलवार को हवन-पूजन के साथ अखंड कीर्तन की पूर्णाहुति हुई। इसके बाद भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर आचार्य प्रवीण कुमार पांडेय ने कहा कि अखंड कीर्तन एवं दुर्गा पाठ जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे अनुष्ठान लोगों को धर्म और आध्यात्मिकता से जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और श्रद्धालुओं की आस्था से ही इस तरह के धार्मिक आयोजन सफल होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक कुमार, विनोद कुमार, प्रमोद कुमार उर्फ करू, सूरज देव प्रसाद, भुवनेश्वर प्रसाद यादव, नवलेश कुमार, मनीष कुमार, ओम प्रकाश, गोपाल प्रसाद, भोला यादव एवं भूदाय यादव सहित समस्त ग्रामवासियों की सराहनीय भूमिका रही।