दुकानदारों ने प्रतिष्ठान बंद कर शव यात्रा में लिया हिस्सा, रानीबाजार श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। कौआकोल बाजार निवासी सत्येन्द्र कुमार राउत के आकस्मिक निधन से बुधवार को पूरे बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। करीब 38 वर्षीय सत्येन्द्र का निधन हृदयाघात के कारण हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और बाजारवासियों में शोक व्याप्त हो गया।
निधन की सूचना मिलने के बाद कौआकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में ग्रामीण, दुकानदार और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे तथा पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
युवक के निधन पर बाजार विकास समिति के निर्देश पर कौआकोल बाजार के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। दुकानदार सामूहिक रूप से शव यात्रा में शामिल हुए और दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।
इसके बाद रानीबाजार स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। सत्येन्द्र के असामयिक निधन से कौआकोल बाजार में दिनभर शोक और मातम का माहौल बना रहा।