कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद, महिला और पुरुष पर हमले का आरोप; बीसीकेयू ने दी पूरी परियोजना बंद कराने की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। निरसा स्थित ईसीएल के मुगमा एरिया अंतर्गत राजपुरा ओसीपी में कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार की सुबह ड्यूटी से मोटरसाइकिल पर लौट रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी पर एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर डंडे और मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में सुरक्षा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों ने परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे दिलीप सतनामी मोटरसाइकिल से राजपुरा ओसीपी से निकल रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला और पुरुष ने डंडे तथा मुक्कों से उनकी पिटाई की, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं।

बताया जाता है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान सुरक्षा कर्मी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया, जिसके बाद मारपीट हुई। हालांकि, छेड़छाड़ के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परियोजना के मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों में आक्रोश फैल गया। विरोध में सुबह से ही उत्पादन बंद करा दिया गया। मौके पर पहुंचे बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राजपुरा परियोजना में कोयला तस्करों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हमलावरों के हौसले बुलंद हैं।बीसीकेयू ने चेतावनी दी है कि जब तक राजपुरा प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर पूरी राजपुरा परियोजना को बंद कराया जाएगा।

वहीं, कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। गौरतलब है कि गुरुवार को ही निरसा की राजा कोलियरी में सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राजपुरा ओसीपी में उत्पादन ठप है और सभी की निगाहें प्रबंधन तथा पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।