नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 2800 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने आवासन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवासन स्थलों पर पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम ने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के भवनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इस दौरान क्षतिग्रस्त खिड़कियों के शीशे, दरवाजे एवं अन्य संरचनाओं की मरम्मत अविलंब कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं व्यवस्थापकों को निर्धारित समय सीमा में सभी आवश्यक कार्य पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को बेहतर आतिथ्य, स्वच्छ वातावरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी, निदेशक लेखा प्रशासन, निदेशक एनईपी, पीएचईडी एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।