एसडीएम धनराज कुमार एवं डीएसपी राघव दयाल ने की आरती, मणिचक, बरनी और पुनपुन घाट पर भी हुआ भव्य दीपोत्सव
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार की शाम मसौढ़ी के श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर तालाब घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। 3500 दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठा। इस अवसर पर गंगा आरती, भजन-कीर्तन और दीपदान से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम धनराज कुमार एवं डीएसपी राघव दयाल ने संयुक्त रूप से आरती कर किया।
दीपों की आकर्षक रोशनी से घाट का नजारा मनमोहक हो उठा। श्रद्धालुओं ने दीपदान एवं आरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। एसडीएम धनराज कुमार ने कहा कि देव दीपावली पर दीपदान और गंगा आरती की परंपरा सदियों से चली आ रही है। यह पर्व धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
डीएसपी राघव दयाल ने दीपोत्सव की पौराणिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आयोजन के लिए मसौढ़ीवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। घंटों तक भजन-कीर्तन और मां गंगा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्य पार्षद पंकज कुमार सिंह, डॉ. सुधीर कुमार सिंह, चंद्रकेत सिंह चंदेल, कृष्ण सिंह, कुमारी खुशबू रानी, अभय कुमार, गोपाल पांडेय, मृत्युंजय कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वहीं, मणिचक सूर्य मंदिर धाम में भी भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया। मंदिर कमेटी के सचिव नवल भारती सहित कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों ने आयोजन में भाग लिया। इसके अलावा बरनी घाट और पुनपुन घाट पर भी दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के वध की खुशी में देव दीपावली मनाई जाती है। इस अवसर पर दीपदान एवं गंगा आरती का विशेष महत्व माना जाता है। मसौढ़ी में आयोजित दीपोत्सव ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और उत्सव के उल्लास को एक साथ प्रदर्शित किया।