उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में कालाबाजारी, जमाखोरी और खाद के साथ अन्य उत्पादों की जबरन बिक्री पर जीरो टॉलरेंस, शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। रबी मौसम में किसानों को उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और निर्धारित मूल्य पर खाद की बिक्री कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, मांग, प्रखंडवार वितरण, बिक्री व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान रबी मौसम में जिले के किसी भी प्रखंड में उर्वरक की कमी नहीं है। फसल आच्छादन और जरूरत के अनुसार खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को खेती के दौरान परेशानी नहीं हो। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को उर्वरक आपूर्ति एवं बिक्री व्यवस्था पर नजर रखने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी संदीप राज ने बैठक में नवंबर 2026 तक जिले में उर्वरकों की उपलब्धता का आंकड़ा प्रस्तुत किया। इसके अनुसार यूरिया का निर्धारित लक्ष्य 8,619 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 11,134.35 मीट्रिक टन रही। वहीं डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग के अनुसार प्रखंडवार एवं खुदरा विक्रेताओं को फसल आच्छादन के अनुरूप उर्वरकों का उपावंटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि रबी मौसम में उर्वरकों की बिक्री फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल व्यवस्था के माध्यम से की जाएगी। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय पदाधिकारियों, प्रसार कर्मियों एवं चयनित किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत किसान अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर क्यूआर कोड जनरेट कर संबंधित खुदरा विक्रेता से उर्वरक खरीद सकेंगे।
उर्वरक बिक्री में जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी। खाद के साथ किसी अन्य उत्पाद की जबरन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में बिहार विधान परिषद के सदस्य दिलीप कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, तस्करी एवं मुनाफाखोरी किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को समान रूप से खाद का उपावंटन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने विभागीय माहवार आपूर्ति योजना के अनुसार उर्वरक कंपनियों से समन्वय स्थापित कर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि रबी खेती के दौरान किसानों को परेशानी नहीं हो। वहीं, ओबरा विधायक के प्रतिनिधि संजय सिंह सोम ने जिले के सभी पैक्सों को अधिक से अधिक उर्वरक आवंटित करने का सुझाव दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों की उर्वरक संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला कृषि कार्यालय में उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान खाद की उपलब्धता, मूल्य या अन्य समस्याओं के लिए 06186-469430 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि किसान बिहार कृषि ऐप के माध्यम से प्रतिदिन अपने नजदीकी उर्वरक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है। उन्होंने किसानों से अपने मोबाइल में बिहार कृषि ऐप डाउनलोड करने की अपील की।
बैठक में ओबरा विधायक के प्रतिनिधि संजय सिंह सोम, उप विकास आयुक्त अनुपमा सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी संदीप राज, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी औरंगाबाद राकेश रंजन, दाउदनगर के रजनीकांत भारती, सहायक निदेशक रसायन अंशु राधे, कृषि विज्ञान केंद्र सिरिस के वैज्ञानिक, जिला सहकारिता पदाधिकारी, उर्वरक कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं जिले के थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।