न्यायालय के आदेश पर पुनपुन पुलिस ने पकौली गांव में की कार्रवाई, पेश नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया अपनाने की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। चोरी के मामले में लंबे समय से फरार अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुनपुन पुलिस ने गुरुवार को इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर पहुंचकर विधिवत इश्तेहार तामिला किया तथा उसे न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
अभियुक्त की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के पकौली गांव निवासी विकास कुमार, पिता स्व. राजेंद्र किशोर के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष बमबम कुमार ने बताया कि यह मामला बुद्ध थाना कांड संख्या 05/2003 से संबंधित चोरी की घटना का है। उक्त मामले में विकास कुमार लंबे समय से फरार चल रहा है।
न्यायालय से इश्तेहार निर्गत होने के बाद पुनपुन पुलिस की टीम पकौली गांव पहुंची और अभियुक्त के घर के दरवाजे पर नियमानुसार इश्तेहार चस्पा किया। इश्तेहार की एक प्रति स्थानीय थाना में भी सुरक्षित रखी गई है। इसके माध्यम से अभियुक्त को निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने अभियुक्त के परिजनों को भी कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुनपुन पुलिस ने ग्रामीणों से फरार अभियुक्त के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अभियान लगातार जारी है।