नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। धनरुआ थाना क्षेत्र के नदपुरा गांव में किराए के एक मकान से युवक का पूरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी रामखेलावन केवट के 25 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, राजू बीते करीब पांच वर्षों से गांव में हरि किशोर सिंह के मिट्टी के मकान में किराए पर अकेले रहता था। मकान मालिक मसौढ़ी में रहते हैं, जबकि राजू का परिवार गांव में ही अपने अलग घर में रहता है। वह डेकोरेशन का काम कर अपनी आजीविका चलाता था।
परिजनों ने बताया कि राजू रात में खाना खाकर किराए के मकान में सोने गया था। जब देर तक वह घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल भी बंद मिला। इसके बाद परिजन मकान पर पहुंचे, तो अंदर से दुर्गंध आ रही थी। भीतर जाने पर उन्होंने शव को पूरी तरह जला हुआ पाया। परिजनों का कहना है कि घर से करीब 200 मीटर दूर किराए पर रहने वाले उनके बेटे का ही शव जला है, जबकि घर का अन्य सामान सुरक्षित था। इसी बात को लेकर परिजन हैरान हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव पूरी तरह जल चुका था और केवल कुछ अवशेष ही बचे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शॉर्ट सर्किट अथवा डेकोरेशन का सामान तैयार करते समय आग लगी होगी, जिसमें युवक की जलकर मौत हो गई।