नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई अहम फैसले
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में हर वार्ड में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने, गांधी मैदान के आसपास स्मोक टावर लगाने, प्रमुख सरोवरों के सौंदर्यीकरण, नाला सफाई में तेजी लाने तथा जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। इन प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति के लिए सोमवार को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा।
बैठक का संचालन समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया। बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया, समिति सदस्य मनोज कुमार, चुन्नु खान, सरिका कुमारी, उपेंद्र कुमार, विनोद कुमार यादव, तबस्सुम परवीन समेत अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। मानसून को देखते हुए मेयर ने सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 320 नालों में से 178 की सफाई पूरी हो चुकी है। इस पर मेयर ने शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार और विद्युत पदाधिकारी गौरव कुमार की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव के प्रस्ताव पर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया। योजना के तहत 20 वार्डों के विद्यालय परिसरों तथा 20 वार्डों के सामुदायिक भवनों में पुस्तकालय खोले जाएंगे, जबकि शेष वार्डों में नए पुस्तकालय भवन बनाए जाएंगे।
यहां कक्षा छह से लेकर स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर तक की पुस्तकों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध होगी। बैठक में सिंगरा स्थान सरोवर, गदालोल, सरयू तालाब, सूर्यपोखर, खरखुरा-भलुआही सरोवर और लाल बाबा तालाब सहित प्रमुख जलाशयों के सौंदर्यीकरण की समीक्षा की गई। सरिका कुमारी के सुझाव पर बिसार तालाब के विकास के लिए प्राक्कलन तैयार कराने और सभी सरोवरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना बनाने का निर्णय लिया गया।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए गांधी मैदान क्षेत्र में स्मोक टावर लगाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके अलावा पहाड़ी वार्डों में अतिरिक्त जलापूर्ति केंद्र स्थापित करने तथा नए पानी टैंकर खरीदने का निर्णय लिया गया। बैठक में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त की गई और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।