नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
दरभंगा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने और इलाज में लापरवाही के आरोपों को अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मेडिसिन विभाग में भर्ती मधुबनी निवासी दिनेश मंडल की मौत के मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गयी है। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मरीज को आइसीयू में शिफ्ट करने के दौरान समय पर ट्रॉली उपलब्ध नहीं करायी गयी। अस्पताल अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्र ने 25 नवंबर को जांच का आदेश जारी करते हुए कमेटी को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। जांच कमेटी को घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल करने और इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की पहचान कर जवाबदेही तय करने को कहा गया है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से गठित तीन सदस्यीय कमेटी की अध्यक्षता निश्चेतना विभाग के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ हरिदामोदर सिंह करेंगे। सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ शिवानंद और मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ संजयनाथ झा को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। आदेश के मुताबिक, कमेटी को 26 नवंबर को दोपहर दो बजे तक जांच रिपोर्ट सौंपनी थी। जांच में मरीज के इलाज से जुड़े रिकॉर्ड और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की पड़ताल की जानी है। जांच कमेटी मरीज के अस्पताल में भर्ती होने के समय, शुरुआती उपचार और इलाज के दौरान हुई गतिविधियों का ब्योरा जुटायेगी। मरीज को किन-किन विभागों में रेफर किया गया, रेफरल का समय क्या था और उस दौरान ड्यूटी पर कौन-कौन से डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी तैनात थे, इसकी जानकारी ली जायेगी।
इसके अलावा ईसीजी रिपोर्ट, वेंटिलेटर रिकॉर्ड और अन्य चिकित्सकीय दस्तावेजों की भी जांच होगी। मरीज की मौत के समय, मृत्यु के कारण और मृत्यु प्रमाणपत्र का सत्यापन भी किया जायेग। इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि इलाज के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया है कि 23 नवंबर को मेडिसिन वार्ड में तैनात सभी ट्रॉली मैन और सुपरवाइजर जांच कमेटी के समक्ष उपस्थित होकर सहयोग करें। घटना के समय ड्यूटी पर रहे चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से भी पूछताछ की जायेंगी। गौरतलब है कि मधुबनी निवासी दिनेश मंडल डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में भर्ती थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली उपलब्ध नहीं कराने का आरोप परिजनों ने लगाया था। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाये थे। अब जांच रिपोर्ट से ट्रॉली उपलब्ध कराने में हुई देरी और इलाज के दौरान संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।