नदपुरा गांव में घटना, जांच के लिए पहुंचे डीएसपी आशीष राज ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को बताया कारण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरुआ थाना क्षेत्र के नदपुरा गांव में किराए के मकान में आग लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रामखेलावन केवट के पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार, राजू पिछले करीब पांच वर्षों से गांव में हरि किशोर सिंह के मिट्टी के मकान में किराए पर अकेले रहता था। मकान मालिक मसौढ़ी में रहते हैं, जबकि राजू का परिवार गांव में ही अपने अलग मकान में रहता है। राजू डेकोरेशन का काम कर अपनी आजीविका चलाता था।
बताया जाता है कि रात में खाना खाने के बाद राजू अपने किराए के मकान में सोने चला गया था। गुरुवार को देर तक घर नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद रहने पर परिजन उसकी तलाश में मकान पर पहुंचे। वहां अंदर से दुर्गंध आने पर परिजनों ने मकान के भीतर जाकर देखा, तो राजू का शव जली हुई अवस्था में पड़ा था। घटना में युवक की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, मकान में रखा अन्य सामान सुरक्षित था।
घटना की सूचना मिलते ही धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में डीएसपी आशीष राज भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मकान का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
डीएसपी आशीष राज ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया। उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आग में युवक का शव पूरी तरह जल गया था और केवल अवशेष ही बचे थे। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा डेकोरेशन का सामान तैयार करने के दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।