एनएचएआई कार्यालय के सामने पाइप बिछाने पर आपत्ति, लिखित अनुमति की मांग, खेतों में पानी जमा रहने से रबी की बुआई प्रभावित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा के औंटा, हाथीदह और मरांची टाल क्षेत्र में जलजमाव से परेशान किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। खेतों से पानी निकालने के लिए बुडको की ओर से मंगवाया गया पंप चार दिन बीतने के बाद भी शनिवार तक चालू नहीं हो सका। अब जलनिकासी के लिए पाइपलाइन बिछाने के रास्ते में एनएचएआई की आपत्ति सामने आने से काम अटक गया है। खेतों में पानी जमा रहने और रबी फसलों की बुआई का समय निकलते जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, औंटा-सिमरिया सिक्स लेन पुल के समीप स्थित एनएचएआई कार्यालय के सामने से जलनिकासी पाइपलाइन ले जाने पर रोक लगा दी गई है। एनएचएआई अधिकारियों ने इस मार्ग से पाइप बिछाने पर आपत्ति जताते हुए लिखित अनुमति और उचित व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि कार्यालय के सामने का रास्ता आपातकालीन सेवाओं के लिए भी उपयोग किया जाता है। यहां से एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पाइपलाइन बिछाने से रास्ता बाधित होने पर आपात स्थिति में परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
वहीं, बुडको के अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर एनएचएआई अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। दोनों विभागों के बीच सहमति बनने और आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही पाइपलाइन बिछाने का काम आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि, विभागीय समन्वय और अनुमति की प्रक्रिया में हो रही देरी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
औंटा, हाथीदह और मरांची टाल क्षेत्र के खेतों में जलजमाव के कारण रबी फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो इस वर्ष खेती करना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जलनिकासी व्यवस्था में लगातार हो रही देरी से स्थानीय किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों ने सरकारी व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में भी विभागों के बीच समन्वय नहीं हो पा रहा है। अब किसानों की निगाहें बुडको और एनएचएआई के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द रास्ता निकलेगा और खेतों से पानी की निकासी शुरू हो सकेगी।