सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जांच और उपचार की दवाएं निशुल्क, संक्रमित लोगों से भेदभाव नहीं करने का दिया संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने और एचआईवी संक्रमण से बचाव का संदेश देने के उद्देश्य से धनबाद में जागरूकता यात्रा निकाली गई। श्री लालजी प्रशिक्षण केंद्र, मंथन संगठन और नर्मदा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं, सहिया दीदियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों से समय पर एचआईवी जांच कराने और एड्स पीड़ितों के साथ भेदभाव नहीं करने की अपील की गई।

यात्रा के दौरान लोगों को बताया गया कि एचआईवी संक्रमण असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई तथा संक्रमित मां से बच्चे में फैल सकता है। समय पर जांच और नियमित दवा के सेवन से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य जीवन जी सकता है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिता चौधरी ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एचआईवी की जांच और उपचार की दवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध हैं। गर्भवती महिलाओं की भी एचआईवी जांच की जाती है। उन्होंने प्रसव पूर्व कम से कम दो बार जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जांच की पूरी प्रक्रिया गोपनीय रखी जाती है और संक्रमित व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाती।
डॉ. चौधरी ने कहा कि हाथ मिलाने, साथ बैठने, खाना खाने या एक साथ रहने से एचआईवी संक्रमण नहीं फैलता है। इसलिए संक्रमित लोगों को अलग-थलग करने के बजाय उन्हें प्यार, सम्मान और सहयोग देना चाहिए। यात्रा में शामिल छात्राओं और स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से जागरूकता का संदेश परिवार और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचाने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। अंत में सभी ने समय पर जांच कराने, एचआईवी से बचाव के प्रति जागरूक रहने और संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव नहीं करने का संकल्प लिया।