नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गोह (औरंगाबाद)। सावन मास की पहली सोमवारी पर गोह प्रखंड स्थित प्रसिद्ध देवकुंड धाम के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और देर शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी रहा। अनुमानित करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर और आसपास का इलाका पूरे दिन “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय बाबा दूधेश्वरनाथ” के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दोपहर बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति ने इस बार सीधे दर्शन की विशेष व्यवस्था की थी। इसके लिए अलग से वीआईपी प्रवेश द्वार बनाए गए थे, जहां निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा था।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में दंडाधिकारी, पुलिस बल तथा ग्राम रक्षा दल के जवानों की तैनाती की गई थी। ग्राम रक्षा दल के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में 25 सिपाहियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य भी श्रद्धालुओं की सहायता में सक्रिय रहे।
मठाधीश कन्हैयानंद पुरी ने बताया कि कांवरियों एवं अन्य श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।
मेला व्यवस्था का लगातार निरीक्षण एसडीओ अमित राजन, एसडीपीओ अशोक दास, बीडीओ तबरेज आलम, सीओ अजय कुमार सिंह, दंडाधिकारी रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष निरंजन सिंह, एसआई धनंजय सिंह तथा अली खां सहित अन्य अधिकारियों ने किया।
एसडीओ अमित राजन ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए फ्रिज, कूलर और गर्म पानी की मशीन की व्यवस्था की गई है। तालाब में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। इसके अलावा तालाब के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई तथा मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरियर लगाकर बाइक, ऑटो एवं अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके।
रविवार की संध्या में मंदिर की विशेष साफ-सफाई कर आकर्षक श्रृंगार एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल कुंड घाट पर रविवार रात भोला जागरण समिति की ओर से भक्ति जागरण का आयोजन किया गया, जिसका श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद उठाया।
प्रशासन की बेहतर व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के बीच सावन की पहली सोमवारी शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुई।