नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार की विकास योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 28 और 29 नवंबर को अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। सीएम सम्राट चौधरी पटना सचिवालय के अधिवेशन भवन में आयोजित दो दिवसीय बैठक में राज्य के सभी जिलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त और विभागीय सचिव शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 28 नवंबर को दोपहर 1 बजे से अधिकारियों के साथ सीधे चर्चा कर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, इस दो दिवसीय बैठक में सभी विभागों के सचिव, सभी जिलों के डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और एसएसपी भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रमंडलीय आयुक्त भी शामिल होंगे। बैठक के एजेंडा के बारे में बताया जा रहा है कि इसमें मुख्यमंत्री जिलों में विकास योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी लेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का फायदा सिर्फ कागजों तक ही सीमित ना रहे बल्कि दूर-दूर तक गांवों में रह रहे लोगों तक आसानी से पहुंचे। दोनों दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बैठक में मौजूद रहेंगे और अधिकारियों से योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे। किसी तरह की आ रही बाधा को दूर करने पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक को लेकर यह भी बताया जा रहा है कि विभागों की ओर से प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इसमें बिजली, स्वास्थ्य, सड़क समेत अन्य लोगों से जुड़े प्रमुख मुद्दे शामिल होंगे। इनसे जुड़ा काम कहां तक पहुंचा और क्या बचा है, इसके बारे में डिटेल से जानकारी देंगे।
बैठक का मुख्य एजेंडा कानून व्यवस्था भी बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री अपराध पर रोक लगाने या कम करने पर चर्चा कर सकते हैं। सरकार का जोर इस पर है कि बिहार में कानून का राज हो। इसके साथ ही अपराधियों के खिलाफ एक्शन लिया जाए। इस तरह से बैठक के दौरान जिलों में कानून व्यवस्था को लेकर क्या स्थिति है, इस पर चर्चा की जाएगी। दो दिनों की होने वाली बैठक को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही तय करने को लेकर भी बेहद खास माना जा रहा है।