आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया स्टेट हाईवे-1 पर धनरुआ थाना क्षेत्र के किश्तिपुर गांव के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीसरी कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई। ट्यूशन पढ़ने जा रही सात वर्षीय बच्ची को एक अज्ञात बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
मृतका की पहचान सोनाली प्रिया (7 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अविनाश कुमार की पुत्री थी। अविनाश कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तीन बच्चों में सोनाली सबसे बड़ी थी। हादसे के बाद मां पुतुल देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनाली घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी। किश्तिपुर गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने किश्तिपुर गांव के पास पटना-गया स्टेट हाईवे-1 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था करने की मांग की।
सूचना मिलने पर धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार एवं अंचलाधिकारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद कई घंटों बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर किश्तिपुर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि सुनील कुमार चौधरी उर्फ डब्ल्यू ने शोकाकुल परिवार को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल 3,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
मासूम बच्ची की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय करने की मांग की है।