नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। प्रखंड क्षेत्र के सोखोदेवरा स्थित शिवपुर जलाशय (डैम) में शुक्रवार को नहाने के दौरान 16 वर्षीय बालक के गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई गई है। लापता बालक की पहचान सोखोदेवरा टोला शिवपुर निवासी सुनील रविदास के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि राकेश अपने कुछ दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कौआकोल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, अंचलाधिकारी चंदन चौधरी और राजस्व अधिकारी अनीश कुमार पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है।
इधर, राकेश के परिजनों ने उसके डैम में डूबने की घटना पर संदेह जताते हुए हत्या कर शव को जलाशय में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की है। परिजनों की आशंका के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस टीम बालक की तलाश के साथ घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।
फिलहाल बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शव बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बालक की मौत डूबने से हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है।