सीमांत क्षेत्र में रेडियो प्रसारण को मिलेगी नई ताकत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जयपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आकाशवाणी जयपुर परिसर से वर्चुअल माध्यम के जरिए जैसलमेर के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट क्षमता वाले एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
नवनिर्मित ट्रांसमीटर के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों तक रेडियो प्रसारण पहुंच सकेगा। इससे सूचना, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रमों का लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसार भारती के स्वरूप में बदलाव की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि तकनीक के इस दौर में रेडियो प्रसारण की प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए “डिजिटल फर्स्ट” और “हाइपर लोकल” दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए तथा स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को प्रसारण व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने जयपुर में स्थापित होने वाले एआई डेटा सेंटर को भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि यह तकनीकी विकास और नवाचार को नई गति देगा। साथ ही उन्होंने राजस्थान में रेलवे क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में रेलवे के लिए रिकॉर्ड 10 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के लगभग 200 रेलवे स्टेशनों के विकास का कार्य चल रहा है। इनमें 85 प्रमुख स्टेशनों का भव्य पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनका कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में 10 मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल तैयार हो चुके हैं, जबकि छह अन्य टर्मिनलों का निर्माण कार्य जारी है और आठ नए टर्मिनलों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा कई रेल लाइनों का दोहरीकरण और कुछ स्थानों पर गेज परिवर्तन का कार्य भी किया जा रहा है। कोविड-19 के बाद राज्य में 46 नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रसार भारती के युवा अधिकारियों से संवाद भी किया। प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसी संस्थाएं समाज की जड़ों से जुड़ी आवश्यक सेवाएं हैं, जो विश्वसनीय जानकारी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री एमएनआईटी पहुंचे, जहां उन्होंने मेकर्स लैब, एआई, सेमीकंडक्टर और क्वांटम प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाओं का शुभारंभ किया।
समारोह में जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल वर्चुअल रूप से जुड़े। वहीं जयपुर में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।