नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद शहर के धरणीधर रोड स्थित पुरानी मुंशी मोहल्ला निवासी जेवर व्यवसायी जितेन्द्र सोनी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके भांजे देव सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटा गांव के समीप एनएच-19 पर गुरुवार को हुआ।
मृतक जितेन्द्र सोनी, विश्वनाथ प्रसाद के पुत्र बताए जाते हैं। वहीं घायल देव सोनी झारखंड के गढ़वा निवासी लवकुश सोनी के पुत्र हैं। जानकारी के अनुसार मामा-भांजा वाराणसी से सोने-चांदी के आभूषण लेकर बाइक से औरंगाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेन्द्र सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल देव सोनी को स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दरिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सोना-चांदी से भरा बैग भी बरामद किया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।