नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान से 2 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद, दाउदनगर कार्यालय परिसर में जिउतिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
जिउतिया महोत्सव लोक उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा एवं लोक कला को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य कलाकार के रूप में डिंपल भूमि की प्रस्तुति रहेगी। उनके द्वारा लोक संस्कृति एवं लोक संगीत से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होंगी।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जिले में कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों एवं लोक परंपराओं को मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
2 अक्टूबर को नगर परिषद, दाउदनगर कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस लोक उत्सव में आमजन से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।