अर्थिंग तार की चपेट में आने से हुई मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेन्द्र भगत (37) और उनकी पत्नी रूबी देवी (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों पति-पत्नी गांव के किनारे स्थित अपनी फूल की खेती में निकौनी करने और फसल देखने गए थे। खेत के बगल में लगे अर्थिंग तार की चपेट में नरेन्द्र भगत आ गए। उन्हें बचाने गई पत्नी रूबी देवी भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रात करीब आठ बजे तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो उनके 13 और 8 वर्षीय बेटों ने परिजनों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू की। खेत में पहुंचने पर दोनों को एक साथ मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही भगवानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। एक ही परिवार से पति-पत्नी की एक साथ अर्थी उठने से गांव में शोक की लहर है। घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।