नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। अंतरराष्ट्रीय पुनपुन पितृपक्ष मेले में श्राद्ध पूर्णिमा पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने सीतामढ़ी से पिंडदान करने आए एक पिंडदानी के 9 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद मेला प्रशासन के सुरक्षा के दावों पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित पिंडदानी प्रगास महतो पिता स्व. खूबलाल महतो, साकिन लक्ष्मीपुर, जिला सीतामढ़ी शनिवार सुबह 8 बजे पुनपुन घाट पर पिंडदान के लिए पहुंचे थे। वे विधि-विधान से तर्पण कर रहे थे। इसी दौरान जब वे पुनपुन नदी में स्नान करने गए, तो रखे हुए कपडे से अज्ञात चोरों ने 9 हजार रुपये निकाल लिए।
पैसा चोरी होने के बाद पिंडदानी के सामने संकट खड़ा हो गया। उन्हें यहां से गयाजी जाकर पिंडदान करना है और फिर घर लौटना है। घटना की जानकारी मिलने पर पुनपुन पंडा समिति ने मानवता दिखाते हुए उन्हें आने-जाने के लिए 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी।
पुनपुन पंडा समिति के सचिव रिंकू पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सुबह के समय घाट पर पिंडदानियों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, लेकिन मौके पर एक भी पुलिसकर्मी नहीं दिखा। पुलिस का अस्थायी कैंप भी नहीं कोई था, उन्होंने अनुमंडल प्रशासन से मांग की है कि अगले चार दिन तक जब तक पिंडदानियों का सैलाब सबसे ज्यादा रहेगा, सुबह के समय विशेष रूप से पुलिस बल की तैनाती की जाए और सुरक्षा व्यवस्था टाइट की जाए। जिला प्रशासन ने मेला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के दावे किए थे, लेकिन पहली बड़ी भीड़ में ही दावे धरातल पर फेल होते दिखे।