नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एस. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद के फैकल्टी ऑफ फार्मेसी में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम बेहतर भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार सिंह थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद फार्मेसी विभाग के एचओडी इंचार्ज ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में एमसीए विभाग के एचओडी अनुप कुमार, राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक संजीव रंजन समेत फार्मेसी विभाग के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें पोस्टर प्रेजेंटेशन, ओरल प्रेजेंटेशन, डेमो प्रेजेंटेशन एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रही। प्रतियोगिताओं में कुल 37 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की भूमिका और उनके सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने दवाओं के सही उपयोग, उचित जानकारी और जिम्मेदारी के साथ औषधियों के प्रयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के बेहतर स्वास्थ्य के लिए करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में ओरल प्रेजेंटेशन में रूबी प्रवीण, पोस्टर प्रेजेंटेशन में प्रिंस कुमार जायसवाल, डेमो प्रेजेंटेशन में आदित्य कुमारी तथा रंगोली प्रतियोगिता में स्नेहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. ओमप्रकाश कुमार, राजू कुमार, रामाकांत अनुपम, श्वेता, सृष्टि, रेणु सहित फार्मेसी विभाग के शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों में मसूद, रत्नेश आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ओमप्रकाश कुमार ने किया।