नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दनियावां (पटना)। शाहजहांपुर थाना के नए थानाध्यक्ष के रूप में उत्तम सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया। प्रयागराज से आए उत्तम सिंह इससे पहले पटना स्थित आईजी कार्यालय में पुलिस पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, शाहजहांपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष बमबम कुमार का तबादला पुनपुन थाना कर दिया गया है। उन्होंने पुनपुन थाना में योगदान दे दिया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद नए थानाध्यक्ष उत्तम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें पुलिस स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने के साथ वारंटियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। खासकर महुआ से बनने वाली देशी शराब और अवैध शराब की भट्ठियों को तत्काल नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती एवं धरधा नदी के पश्चिमी इलाकों में चेकिंग प्वाइंट स्थापित करने संबंधी पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का भी पालन कराया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद थानाध्यक्ष ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, गश्ती, चेकिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इधर, करीब दो माह तक शाहजहांपुर थाना में सेवा देने वाले तत्कालीन थानाध्यक्ष बमबम कुमार के तबादले पर स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने तबादले को पुलिस सेवा की सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि नौकरी में स्थानांतरण और पदस्थापन का सिलसिला चलता रहता है।
नए थानाध्यक्ष उत्तम सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन नवयुवक नाट्य कला परिषद के अध्यक्ष अनिल फौजी प्रेमी, सचिव मुन्ना कुमार (खरभैया पैक्स अध्यक्ष), मीडिया प्रभारी डॉ. राजीव नयन सिंह, रामनिरंजन प्रसाद, मंटू कुमार, पप्पू कुमार, अखिलेश सर, अंबर पटेल, मुकेश कुमार, रितेश, ऋषि, बमशंकर सहित अन्य लोगों ने किया। वहीं स्व. लाला सिंह स्मृति मंच, मसौढ़ी के अध्यक्ष अरविंद सिंह, बीरबहादुर सिंह, इंद्रजीत कुमार घोष सहित अन्य लोगों ने भी उत्तम सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।