नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। श्रावणी मेला से पहले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी देवघर सदर अस्पताल पहुंचे और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया।
इस दौरान मंत्री ने कुछ राजनीतिक लोगों पर अस्पताल परिसर में अनावश्यक हस्तक्षेप और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि या व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा जनहित का विषय है और सरकार की प्राथमिकता हर मरीज और हर श्रद्धालु को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि श्रावणी मेला को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।