नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर परिषद मसौढ़ी के भदौरा पैक्स चुनाव में पूर्व अध्यक्ष नागेश्वर शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को हुए मतदान के बाद देर शाम शुरू हुई मतगणना में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मण पांडे को 115 मतों के अंतर से पराजित कर दिया।
चतुष्कोणीय मुकाबले में नागेश्वर शर्मा को कुल 481 वोट प्राप्त हुए, जबकि लक्ष्मण पांडे को 366 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रामदयालु सिंह रहे, जिन्हें 193 वोट मिले। वहीं उनके पुत्र पवन कुमार को महज 15 वोट ही प्राप्त हो सके।
नागेश्वर शर्मा इससे पहले करीब एक दशक तक भदौरा पैक्स के अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछले चुनाव में उन्हें लक्ष्मण पांडे से 85 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि उस चुनाव में कार्यकारिणी समिति का गठन नहीं हो सका था, जिसके कारण समिति भंग हो गई और पुनः चुनाव कराने की नौबत आई।
इस बार नागेश्वर शर्मा ने मजबूत संगठन, व्यापक जनसंपर्क और सटीक चुनावी रणनीति के दम पर अपनी खोई हुई कुर्सी वापस हासिल कर ली। उनकी जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है और क्षेत्र में जश्न मनाया जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह परिणाम भदौरा पैक्स में नागेश्वर शर्मा के पुराने प्रभाव और मजबूत जनाधार की पुनर्स्थापना का संकेत है। उनकी जीत ने यह साबित कर दिया है कि स्थानीय सहकारिता राजनीति में उनका प्रभाव अब भी कायम है।