डीएम ने किया यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा आज शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान शहर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने हेतु चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से 06 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। इससे शहर में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने एवं सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

समीक्षा के दौरान रमेश चौक सब्जी मंडी के समीप आयरन फेंसिंग लगाने के कार्य की भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि उक्त स्थल पर फेंसिंग लगाए जाने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा अतिक्रमण की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिवाइडरों पर आकर्षक पौधारोपण एवं रंग-रोगन के माध्यम से शहर को सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बैठक में शहर के विभिन्न गोलंबरों के सौंदर्यीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि औरंगाबाद शहर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप देने हेतु प्रमुख गोलंबरों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, जिससे शहर की पहचान और बेहतर होगी।
साथ ही शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने हेतु ट्रांसफर स्टेशन निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण से कचरा निष्पादन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी होगी तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद औरंगाबाद, नगर परिषद अध्यक्ष, रेड क्रॉस अध्यक्ष एवं कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।