स्कार्पियों और बाइक की टक्कर
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। एनएच 139 दाउदनगर औरंगाबाद पथ में अकबरपुर के पास स्कॉर्पियो से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह रास्ता मौत का मार्ग बन गया है। सड़क दुर्घटनाओं में इस पथ पर लगातार मौतें हो रही हैं। इसके चौड़ीकरण की मांग उठती रहती है। सड़क चौड़ीकरण करने व फोरलेन निर्माण की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लगभग तीन घंटे एनएच पर यातायात प्रभावित रहा।

मृतकों की पहचान शमशेर नगर निवासी रणविजय यादव के पुत्र सोनू कुमार तथा राम टोली निवासी उदय राम के पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों वीडियो कैमरा से फोटोग्राफी का काम करते थे। सोमवार को दोनों तरारी वैवाहिक कार्यक्रम में जा रहे थे। मौके पर जिला पार्षद अरविंद कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण पहुंचे। सीओ शैलेंद्र कुमार यादव, अपर थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार, एएसआई मनोज कुमार, शबनम खातून एवं बब्लू कुमार मौके पर पहुंचे।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि सड़क संकरी होने और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

इधर विधायक डॉ प्रकाश चंद्र ने गहरी संवेदना व्यक्त की। कहा कि उन्होंने हाल ही में बिहार के नए पथ निर्माण मंत्री से व्यक्तिगत वार्ता की है और इस मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया है। मंत्रालय की ओर से सकारात्मक का आश्वासन प्राप्त हुआ है।