मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। शहर के प्रतिष्ठित मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मगध विश्वविद्यालय बोधगया के कुलपति प्रो० (डॉ०) शशि प्रताप शाही थे। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष शबी आरफीन शमसी ने उन्हें शॉल, गुलदस्ता एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ० प्रमोद कुमार चौधरी को शासी निकाय के सचिव डॉ० हफीजुर रहमान खान ने पौधा एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रॉक्टर प्रो० डॉ० कृष्णदेव प्रसाद वर्मा को कॉलेज के प्राचार्य डॉ० मो० अली हुसैन ने सम्मानित किया।

समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकेतर कर्मियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को कुलपति द्वारा सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो० (डॉ०) शशि प्रताप शाही ने कहा कि जो अच्छा कार्य करता है, उसे हर जगह सम्मान मिलता है। उन्होंने मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज को मगध विश्वविद्यालय का गौरवशाली कॉलेज बताते हुए कहा कि यहां का अनुशासन एवं कार्यप्रणाली अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा, “डरते वही हैं जो काम नहीं करते हैं। यह कॉलेज नैक से डरता नहीं है और अन्य कॉलेजों से अलग अपनी विशेष पहचान रखता है।”
उन्होंने कहा कि देश को महान बनाने के लिए कड़े अनुशासन की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कुलपति ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विश्वविद्यालय की परिस्थितियों में सुधार किया गया है तथा परीक्षाओं के संचालन को नियमित कर शैक्षणिक सत्र को पटरी पर लाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय अब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ० सरवत शमसी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जैव प्रौद्योगिकी विभाग की समन्वयक डॉ० इरफाना नाहिद ने किया।
समारोह में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ० इबरार खान एवं डॉ० अकरम वारिस ने दी।