नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गया परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन असीम उपाध्याय, द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट), 29वीं वाहिनी एसएसबी, गया के मार्गदर्शन में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया तथा वाहिनी की चिकित्सा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
रक्तदान शिविर में क्षेत्रक मुख्यालय गया एवं 29वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है और समाज में परोपकार, सहयोग तथा संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है।
शिविर के दौरान रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित कार्मिकों ने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की और इसे महादान बताया।
कार्यक्रम में अंजय रजक, द्वितीय कमान अधिकारी, दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (वि.प्र.), क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी गया, अबनीश यादव, उप कमांडेंट, रवि भूषण, उप कमांडेंट, 29वीं वाहिनी एसएसबी गया तथा डॉ. कन्नन हरिदास, उप कमांडेंट (चिकित्सा) सहित क्षेत्रक मुख्यालय एवं 29वीं वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बलकर्मी उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा इसमें बड़ी संख्या में बलकर्मियों ने भाग लेकर समाज सेवा का संदेश दिया।