इंडियन मेडिकल एसोसिएशन औरंगाबाद की तरफ से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। गरीबों तथा जरूरतमंदों को बीमारी में इलाज के माध्यम से सेवा करने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन औरंगाबाद की शाखा आगे आई है। इस कड़ी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) औरंगाबाद की तरफ से रविवार को आईएमए हॉल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के स्पेशलिस्ट चिकित्सकों ने जिले भर के सैकड़ो मरीजों का जांच कर इलाज किया और उन्हें निशुल्क रूप से दवा भी दी। स्वास्थ्य शिविर में सिविल सर्जन डॉ लालसा सिन्हा के अलावा आईएमए के अध्यक्ष डॉ आर एस गुप्ता, सचिव डॉ राजीव कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ विनय कुमार सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ शीला वर्मा, डॉ विकास कुमार सिन्हा, डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह समेत विभिन्न डॉक्टर मौजूद रहे।

सिविल सर्जन डॉ लालसा सिन्हा ने कहा कि आईएमए के द्वारा शुरू की गई यह पहल काफी सराहनीय है। इसके माध्यम से सैकड़ो जरूरतमंदों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि किसी भी बीमारी का सही जांच और इलाज जरूरी है। समय पर इलाज होने से बड़ी बीमारी भी खत्म हो जाती है।

सचिव डॉ राजीव कुमार ने कहा कि इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सभी विभागों के चिकित्सक मौजूद थे जिन्होंने मरीजों के हर तरह की बीमारी का जांच कर इलाज किया। साथ ही उन्हें दवा भी दी गई। शिविर में जेनरल फिजिसियन, शिशु रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, दांत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ के अलावा कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल थे। उन्होंने बताया कि आईएमए जरूरतमंदों की सेवा में सदैव तत्पर रहता है और आगे भी सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों की सेवा की जाएगी।